बिहार के गयाजी में डॉक्टर को मारी गोली, बाइक से पहुंचे थे 3 बदमाश, बेटे से चल रहा संपत्ति विवाद
बिहार के गयाजी जिले के शेरघाटी में मशहूर डॉक्टर तपेश्वर अग्रवाल पर गोली चली है। गोलीबारी की यह घटना शेरघाटी के शेखपुरा मोड पर हुई। बताया जाता है कि तीन नकाबपोश अपराधियों ने डॉक्टर तपेश्वर को लक्ष्य कर गोली चलाई और फिर मौके से भाग गए। डॉक्टर तपेश्वर का अपने बेटे शशि रंजन से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। शशि भी डॉक्टर हैं। 6 महीने पहले तपेश्वर के घर पर बमबाजी भी हुई थी।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर तपेश्वर अग्रवाल पर हमला शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। तीन नकाबपोश अपराधी आए और उन पर फायरिंग करके भाग गए। डॉ. तपेश्वर को चेहरे पर गोली लगी है। उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां बेहतर इलाज के लिए गयाजी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
दो गोली मिस… तीसरी लगी
चश्मदीद स्थानीय लोगों ने बताया कि एक बाइक पर तीन लोग सवार थे. दनादन उन लोगों ने गोली चलाई. दो गोली मिस हो गई और तीसरी गोली डॉक्टर के जबड़े में लग गई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपराधियों को खदेड़ा. ईंट-पत्थर चलाने लगे लेकिन, अपराधी भागने में सफल रहे. बताया जा रहा है कि डॉक्टर तपेश्वर प्रसाद अपने गार्डेन से अपने घर की ओर लौट रहे थे तभी अपराधियों ने गोली मारी है.
अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा
इस संबंध में शेरघाटी एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना शनिवार सुबह की है. तीन अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. डॉक्टर के जबड़े में गोली लगी है. डॉक्टर की स्थिति सामान्य है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
डॉक्टर का बेटे से संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद
बताया जा रहा है कि डॉक्टर तपेश्वर प्रसाद का अपने बेटे शशि रंजन से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है. शशि रंजन भी खुद डॉक्टर हैं. ऐसे में घटना के पीछे क्या कुछ वजह है यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है. जांच के बाद ही साफ हो सकेगा.