शिक्षा विभाग केACS एस सिद्धार्थ ने इस्तीफे का किया खंडन, कहा ऐसा कुछ भी नहीं
बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने शिक्षा विभाग के मीडिया ग्रुप पर अपने इस्तीफे का खंडन किया है। कुछ मीडिया पोर्टल पर उनके इस्तीफे की खबर चलने के बाद उनका खंडन आया है। उनकी ओर से कहा गया है कि इस्तीफा नहीं दिया है। फिलहाल इसका कोई कारण भी नहीं है।
मंगलवार को सुबह से एसीएस के इस्तीफे की खबर मीडिया की सुर्खियां बन गई। बताया गया कि 17 जुलाई को ही उन्होंने वीआरएस का आवेदन दे दिया। सरकार की ओर से इस पर मंजूरी का इंतजार था। सोमवार को यह सूचना पब्लिक डोमेन में जंगल की आग की तरह फैल गई। उनके चुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने लगे। हालांकि वीआरएस और इस्तीफे की खबरों के बीच एसीएस मानसून सत्र के दौरान विधानसभा पहुंच गए।विधानसभा की ऑफिसर्स लॉबी में वे बैठे दिखे। ऑफिसर्स लॉबी में बैठकर वह सदन की कार्यवाही देख रहे हैं। शिक्षा विभाग के मीडिया ग्रुप पर उन्होंने अपने इस्तीफे की खबरों का खंडन किया। कहा कि अभी इसका कोई कारण नहीं है।
नवबंर 2025 में रिटायर्ड होने वाले थे एस. सिद्धार्थ
एस सिद्धार्थ का अगर इस्तीफा मंजूर नहीं होता है तो उन्हें नवंबर 2025 तक इंतजार करना होगा या फिर CAT (Central Administrative Tribunal) का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। बता दें, एस. सिद्धार्थ 30 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
केके पाठक के कई फैसले किए थे रद्द
एसीएस बनते ही एस सिद्धार्थ ने पूर्व शिक्षा अधिकारी केके पाठक के पांच बड़े फैसलों को पलट दिया था:
- छात्रों के नाम काटने की व्यवस्था में बदलाव।
- स्कूलों की निगरानी की जिम्मेदारी DDC को सौंपना।
- विश्वविद्यालयों के फ्रीज खातों से रोक हटाना।
- स्कूल टाइमिंग तय करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को देना।
- निरीक्षण रिपोर्ट का क्रॉस-वेरिफिकेशन अनिवार्य करना।
एस. सिद्धार्थ का काम करने का अलग अंदाज
एस सिद्धार्थ अपने अलग अंदाज के लिए भी चर्चा में आए। वो अचानक स्कूलों का निरीक्षण करते थे, बच्चों की कॉपियां चेक करते और ज़मीनी हकीकत पर फीडबैक लेते। ट्रेन में यात्रियों से बातचीत, चाय की दुकानों पर आम लोगों से संवाद और खुद लिट्टी सेंकना, ये सब उन्हें जमीन से 'जोड़ता' है। उनका ये व्यवहार लोगों को खूब पसंद आता था।
ट्रेंड पायलट और फोटोग्राफर भी हैं एस सिद्धार्थ
1991 बैच के आईएएस अधिकारी एस. सिद्धार्थ एक प्रशिक्षित पायलट भी हैं। 5 अक्टूबर 2023 को उन्होंने पहली बार अकेले विमान उड़ाया था। उन्होंने अपने इंटरव्यू में कहा था कि यह उनका बचपन का सपना था। वे फोटोग्राफी में भी रुचि रखते हैं।